Monday, 22 February 2021

काली तुलसी का घर

 

हे ईश्वर

‘रिश्ता आया है!’ इतने बरसों बाद किसी ने मुझ तक पहुँचने की हिम्मत की है। मेरा हाथ मांगा है, मुझसे मेरी मर्ज़ी पूछी है। कैसे कहूँ कैसा लग रहा है। उनको बताया तो उन्होंने सीधा कह दिया ‘जो मर्ज़ी करो!’ ‘कर लो न शादी!’ फिर नाराज़ भी हो गए, बुराइयाँ भी गिनवा दीं मेरी सारी की सारी और धोखेबाज़ी का इल्ज़ाम भी लगा ही दिया। पर सारी की सारी गलती क्या मेरी है भगवान? बोलो? मुझे क्या पता था जिन लोगों की तरफ मैंने दोस्ती का हाथ बढ़ाया वो मुझमें कुछ और ही खोज रहे थे।

मैं क्या करूँ? याद है एक बार घर में काली तुलसी का पेड़ उग आया था और माँ ने कहा था ‘काली तुलसी को घर में नहीं लगाते। वो तो खुद से उगती है लेकिन घर की दहलीज़ के बाहर। उसके लिए कोई शालिग्राम नहीं, उसका कोई घर नहीं। वो तो जहां जड़ें जमाती है वही उसका घर हो जाता है। जहां उग आती है खुद ब खुद। घर में कभी उग भी जाए तो लोग उसे उखाड़ के बाहर कर देते हैं। मैं भी तो वही हूँ। काली तुलसी...

घर के बाहर, दहलीज़ से दूर। खुद से खुद की जड़ें जमाए हुए। वो अलग बात है कि आजकल हमारी जड़ों में मट्ठा कुछ जादे पड़ गया है। मुर्झाऊंगी या झेल जाऊँगी ये तो बस आपको पता है न भगवान। उस सब के बीच में ये एक घर, जो मुझे बुला रहा है अपनाने के लिए।

जिसे मैंने पूरे मन से अपना घर माना उसके दरवाजे तो मेरे लिए कभी न खुलेंगे। वो खुद कहते हैं मेरे घर के लिए तुम सही नहीं हो। मेरे क्या किसी भी घर के लिए तुम सही नहीं हो। जो कुछ भी पिछले कुछ महीनों में हुआ उसके लिए भी मेरे कर्मों को दोष देते हैं वो। पता नहीं भगवान मैंने सच में कोई ऐसा करम किया भी था या बस मेरा बुरा वक़्त किसी को बोलने का मौका दे रहा है।

ईश्वर, बुरा वक़्त सब का आता है जैसे मेरा आया है। गुज़र तो जाएगा और सब शायद कल ठीक भी हो जाए। इसी बीच जितने भी दिन थे, कितने प्यार से बिताए उन्होंने। जैसे दिया बुझने के ठीक पहले लौ अपने पूरे ज़ोर पर होती है। क्या सच में ये दिया बुझने वाला है ईश्वर? क्या सच में जाना है मुझको ये सब छोड़ कर ऐसे ही?

काश कि किसी ने ऐसा सोचा ही नहीं होता, न चाहा होता। काश कि मेरी तरफ कदम बढ़ाने से पहले मिल जाए उसे कोई और मुझसे बेहतर। मेरी हर इच्छा जब मर चुकी थी जब मैंने सोच ही लिया था पक्के मन से अकेले ही काट देनी है अपनी जिंदगी मैंने... तब आकर कोई कहता है आओ मेरे साथ चलो। क्या इतना आसान है ये करना, भगवान? बताइये?

आजकल कहते हैं वो चली जाओ। क्या सच में चली जाऊँ? बताइये मुझे! काश कि सब मुझे छोड़ कर आगे बढ़ जाएँ और मैं बस यूं ही रह जाऊँ। जिसने भी मुझसे उम्मीद लगा रखी है मुझे उसकी उम्मीद से डर लगता है। अतीत कभी भी वर्तमान के सामने आकर खड़ा हो गया तो जवाब देना मुश्किल हो जाएगा ईश्वर। काश जो बीत गया वो पूरी तरह बीत जाता। फिर शायद मैं भी आगे बढ़ सकती। पर मैं हमेशा से वहीं खड़ी हूँ और ताजिंदगी शायद यहीं रहूँगी। मेरा मन अभी भी नहीं मानता है। बरसों से तो ज़िद ठाने बैठा है, इतनी जल्दी क्या मानेगा? जो भी कल हो नहीं पता मगर अपनी उलझनों के चलते किसी और को नहीं उलझा सकते हम। ये सब उलझनें और दुश्वारियां हमारी अपनी हैं, किसी से नहीं बाँट सकते। अपनी उलझन में किसी और की सीधी सादी ज़िंदगी भी उलझा ली तो कभी माफ नहीं कर पाएंगे खुद को। हमसे ऐसा पाप मत करवाइए ईश्वर। मोड़ दीजिए हर उस कदम को जो मेरी तरफ बढ़ते देखा है आपने। हम शायद सच में ऐसे किसी घर के लायक नहीं हैं जो हमने खुद न बनाया हो।

Thursday, 28 January 2021

टूटी हुई चूड़ियाँ

 

हे ईश्वर

आज से पहले कभी इतना दुस्साहस शायद मेरा न हुआ होगा। जिनके बारे में आपसे हाथ जोड़ते, दुआएं मांगते नहीं थकती थी मैं उनसे आज मैंने इतना अपमानजनक व्यवहार क्यूँ किया? वो कौन सी ज़ुबान थी जिससे मैं उनसे प्यार से बात किया करती थी और कौन सी है ये जिसने उनको अपशब्द ही अपशब्द बोल डाले। फिर भी भगवान कुछ बचा था जो शायद तब टूट गया जब मेरे झटके हुए हाथ के साथ मेरी चूड़ियों के टुकड़े पूरे कमरे में बिखर गए।

क्यूँ भगवान? जिसे मैंने साफ कहा था ‘जाओ अब मेरी जिंदगी में तुम्हारी कोई जगह नहीं’ वो किस अधिकार से मेरे घर में घुसे चले आए? बिना पूछे, बिना बताए? क्या देखने आए थे वो? क्या ये कि उनकी जगह कौन ले रहा है मेरी ज़िंदगी में? मेरी ज़िंदगी है भगवान, बस की सीट तो नहीं जो एक गया तो दूसरा कोई बैठ जाएगा। वैसे भी यही तो चाहते थे न वो? जिस इंसान ने मेरे भविष्य की ख़ातिर एक दिन का भी समय नहीं निकाला वो किसी एक ही बार कहने पर इतनी दूर चला गया वो भी सब काम छोड़छाड़ कर। उनके गए हुए पैसे तो शायद वापस आ भी जाएँ मेरे भविष्य पर तो अभी भी तलवार लटकी है न।

सब कहते हैं जो भी हुआ उनके कारण ही हुआ पर मैं नहीं मानती। जो हुआ सब मेरे कारण। मेरी सच्चाई, मेरी ईमानदारी, मेरे उसूल और समझौता न करने की आदत। लेकिन फिर भी! जिसने हर कदम मेरा साथ देने का वादा किया था वो क्यूँ इस तरह मुझसे बेपरवाह हो गया? उसे तो जैसे गुजरते हुए महीनों से फ़र्क ही नहीं पड़ता! पर हर एक बीतता हुआ पल मुझ पर भारी पड़ रहा है।

कैसे कहूँ और किसको कहूँ? जब उन्होंने बताया था घरवाले नहीं मानेंगे कभी। तब से पता था कभी न कभी हमें अलग होना ही है। वो क्या सोचते हैं कि मेरी जैसी स्वाभिमानी लड़की कभी अपने सम्मान पर आंच आने देगी? क्यूँ मैं अपने मान सम्मान को दांव पर लगा दूँ? वो भी उसके लिए जो कभी समाज के सामने ये तक नहीं मान सकता कि वो मुझसे वाकिफ़ है। जिसने मेरी कोई उम्मीद कभी पूरी नहीं कि उसे मुझ पर भी कोई अधिकार नहीं। मैं आज़ाद हूँ, आज़ाद रहूँगी। उन टूटी हुई चूड़ियों के साथ मेरा रिश्ता भी टूट गया है शायद।

Sunday, 24 January 2021

अब बस!!

हे भगवान

क्या ही करूँ मैं बताओ तो? इतना सब कुछ सुनना सहन करना और चुप रहना... क्या इतना आसान है? होगा शायद भगवान वरना आप मुझसे ऐसे करने को क्यूँ कहते? दुनिया में किसी की भी जिंदगी आसान नहीं होती। सब यही तो कहते हैं कि जैसा मेरे साथ हुआ वैसा किसी के साथ नहीं होता। सबने मुझे धोखा दिया है, सबने मेरा फायदा उठाया, सबने मुझसे केवल अपना मतलब निकाला और मुझे छोड़ दिया! मुझे कोई प्यार नहीं करता। ऐसा क्या नया मैं आपको कहती हूँ? आप बताओ।

मैंने इस साल के शुरू होने पर यही सोचा था कि हर उस रिश्ते को जिसे मेरी कदर और परवाह नहीं मैं भी ठोकर मार दूँगी। कभी नहीं देखूँगी उस इंसान की तरफ जिसे मुझसे प्यार तो है पर उस प्यार के लिए एक पल का भी समय नहीं हैं। कभी कुछ नहीं मांगूँगी दुनिया से, न भगवान से! हाँ तो और क्या! पहले भी कौन सी इल्तजा सुनी आपने मेरी? इसलिए इस जिंदगी और मेरे सारी उपलब्धियों के लिए धन्यवाद देने के अलावा और कोई दुआ भी अब नहीं मांगती हूँ मैं।

लेकिन भगवान ऐसा तय करने के बाद मैंने अपने चारों तरफ देखा तो मैं अकेली ही थी। ऐसा एक भी इंसान मेरे आस पास था ही नहीं जिसे मेरी परवाह या कदर हो! वैसे भी मैं जब अकेली होती हूँ, तब ही सुकून से रहती हूँ। किसी और के ख़्वाब पूरे करने के चक्कर में न जाने कितनी रातें जागते बिताई हैं मैंने। मेरा सुकून तो तभी मिलता है जब मेरी आँखों में कोई ख़्वाब न हो।

रिश्ते आते हैं तो उनके साथ उनके खोने का डर भी साथ आता है। इस खोने के डर ने न जाने क्या क्या करवा लिया। फिर भी कहाँ टीका है मेरा एक भी रिश्ता। तो अगर अकेले ही रह जाना है तो फिर किसलिए खुद को बदलूँ? क्यूँ किसी की परवाह करूँ। आप बताओ?

दोस्त मिले थे कुछ नए पर वो भी न जाने क्यूँ गलतफहमी के शिकार होकर किनारा कर गए। इतना ही जान पाते हैं क्या लोग मुझे? नहीं जानते तो क्यूँ घुस आते हैं ज़िंदगी में मेरी? अब तो ये भी नहीं कहूँगी कि आप बताओ। कहा था न कुछ नहीं मांगूँगी...सफाई भी नहीं।  

Thursday, 14 January 2021

तुम्हारी मदद.....करूँ?

 

हे ईश्वर

आज खुश तो बहुत होगे तुम? अमिताभ बच्चन से ये dialogue उधार लेकर पूछती हूँ मैं अपने आपसे। क्या मैं खुश हूँ कि उनके साथ ये सब हुआ? क्या मैं खुश हूँ कि उनके जीवन में ये कठिनाई आई है? क्या मैं खुश हूँ कि उनको वो नहीं मिल पाया अब तक जो वो चाहते हैं? क्या मैं खुश हूँ कि एक अच्छा अवसर उनके हाथ में आते आते रह गया?

खुश हूँ क्या मैं कि उनकी राह में अभी भी कांटे बचे हैं? बताइये न भगवान? नहीं! इन सब सवालों का जवाब ‘न’ है। मैं ज़रा भी खुश नहीं हूँ कि वो किसी मुसीबत में हैं और मुझसे मदद मांग रहे हैं। मैं सोच रही हूँ उन पर ऐसी मुसीबत आई भी क्यूँ जिसका अंदेशा किसी को नहीं था। वो तो कहते हैं वो आपके बहुत नजदीक हैं। उन्हें सताने वाला, बुरा भला कहने वाला पानी भी नहीं मांगता कहीं।  फिर? क्या हुआ?

भस्म क्यूँ नहीं कर दिया उन्होंने रास्ते में कांटे बिछाने वालों को? लांघ क्यूँ नहीं गए रास्ते की हर मुसीबत को? क्यूँ भगवान? क्यूँ छोड़ दिया उनका हाथ आपने? मैं तो आपके भरोसे उनको छोड़ कर आई थी। वो भी इसलिए क्यूंकि उनकी व्यस्त जिंदगी में मेरी बकवास (!) के लिए कोई जगह नहीं थी।

मेरा कैरियर, भविष्य, मान प्रतिष्ठा सब इनके हाथ में था और इन्होंने किसी और की मदद करना जादे ज़रूरी समझा। बिना ये सोचे कि मैं क्या दांव पर लगा रहा हूँ खड़ा कर दिया मुझे firing squad के सामने। किसी का सामना करने से पहले बेहद ज़रूरी है कि आपको उसकी शक्ति का यथोचित अंदाज़ा हो। आज वो कहते हैं तुम minor थोड़ी हो। 18 से ऊपर हो, तुम्हें खुद समझ होनी चाहिए। मैंने इन पर विश्वास किया और आज ये कहते हैं मैंने थोड़ी कहा तुम्हें आग में कूदने!

ठीक है मुक्त करती हूँ तुम्हें हर आरोप से। ये सारा किया धरा मेरा है और मैं तैयार हूँ इसकी सज़ा भुगतने को। चली जाऊँगी मैं जहां जिंदगी लेकर जाएगी मुझे। कर लूँ सभी कठिनाइयों का सामना जो भी राह में आएँगी मेरी। बस इतना चाहती हूँ जिस तरह निज स्वार्थवाश उन्होंने मुझे छोड़ दिया, उस तरह कोई कभी उनको छोड़ कर न जाए।

बस इतना और... मुझसे कहीं ज़ादे काबिल, कहीं अधिक शिक्षित, कहीं अधिक समझदार लोग आपके साथ हैं और ये आप ही के शब्द हैं। इसलिए अब आप मुझे नहीं, उनको जाकर कहिए ‘मेरी मदद करो!’

 

Sunday, 10 January 2021

तेरे बिना...

 

मैंने आपको खुद अपनी जिंदगी से निकाल दिया, वो भी ऐसे? पर आप ही बताइये मैं क्या करती? आप मेरे साथ अपना भविष्य नहीं देखते, मेरे साथ रहना नहीं चाहते, साफ साफ कहते हैं कि तुम्हारी दिक्कतें तुम खुद जानो, मैं क्या करूँ…. और पैसे! पैसे तो मेरी मदद के लिए आपके पास कभी नहीं होते।

मैं एक रिश्ते में रह कर भी बेहद अकेली थी। हमेशा से थी। कब कौन सी दिक्कत में आप साथ खड़े हुए हैं, बताइये तो? केवल एक बार कह भी देते कि मैं तुम्हारे साथ हूँ, तो शायद मुझे थोड़ा सुकून होता। पर आप तो किसी एक ऐसी औरत के कहने पर मुझे ही गलत समझते हैं जो मुझे कभी मिली तक नहीं।

कैसे आगे बढ़ती मैं इस रिश्ते में जब आगे बस एक गहरी खाई है। अपने प्यार से कुछ न चाहना मैं मान सकती हूँ। पर उसी प्यार को अपनी आँखों के सामने किसी और का होते हुए देखना कैसे बर्दाश्त करती? उस पर ये बात कि ‘मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता!’

उन्हें फर्क नहीं पड़ता तो फिर मैं भी क्यों सोचूँ?

मुझे थोड़ा हिम्मत रखनी होगी। वो यही सब तो कहा करते थे। तुम बांझ हो, कामचोर हो, तुम्हें फ्री में मिला है ये सब कुछ, तुम चरित्रहीन हो। आज जब उनका हर आरोप स्वीकार करके मैं कह रही हूँ कि ऐसी लड़की के साथ आप मत रहो तो मानते क्यूँ नहीं? अब क्या चाहते हैं? मैंने अपना सब कुछ खो दिया और ये कहते हैं मैंने थोड़ी कुछ किया। ऊपर से ये भी कि तुम अपने किए का फल भुगतोगी!

क्या किया है मैंने भगवान? खून किया किसी का? बेईमानी की? अपने फायदे के लिए किसी के साथ गद्दारी की? अपनी किसी भी गलती का जिम्मा लेने से इंकार किया? कभी बिना मेहनत के कुछ पाने की कोशिश की? पीठ पीछे बुराई की क्या किसी की? बोलिए न?

सिर्फ उनको कुछ कड़वे बोल कह देने से हम इतने दोषी हो गए कि सारी जिंदगी झेलेंगे हम! तो फिर उनके लिए क्या सज़ा सोची आपने जिन लोगों ने मेरे साथ ये किया? या इनके लिए जिन्होंने मुझे एक स्वर्ग का द्वार दिखाया और फिर मुझे उसी नर्क में झोंक दिया जिसमें से इतने प्यार से निकाला था। कौन दोषी है और किसकी ये सज़ा है, सोचने के लिए सारी जिंदगी है भगवान।

पर फिलहाल जिंदगी का ये पन्ना जिसमें उनका प्यार लिखा था मैंने... आज अपने ही हाथों से फाड़ कर जलाना ही होगा मुझे।

Sunday, 3 January 2021

गले की हड्डी

 

हे ईश्वर

4 फुट 9 इंच की एक छोटी सी काया से आपके समाज को इतनी समस्या क्यूँ है? सारा का सारा आजकल इस नन्हीं सी जान का दुश्मन बना हुआ है। क्यूँ? आप बताइये कि मैं ऐसा क्या करूँ कि मुझ पर टिकी हुई ये नज़रें कहीं और फिर जाएँ। क्यूँ मैं अपनी जिंदगी सुकून से नहीं जी सकती। मेरी 7 साल की मेहनत आज धुआँ होने की कगार पर है। आप बताइये न क्यूँ?

आपको इतना क्यूँ यकीन है कि ये मायापंछी (Phoenix) एक बार फिर अपनी राख़ से उठ कर खड़ी हो जाएगी, फिर नई हो जाएगी? कैसे भगवान? मुझे बहुत डर लग रहा है। मैं समझ नहीं पा रही हूँ कैसी जिंदगी होगी आगे मेरी? क्या होगा? क्या सच में मुझे मेरे साथ हो रहे अन्याय के आगे सर झुकाना पड़ेगा। आज तो मेरे अपने मेरे साथ हैं फिर भी उनकी आँखों में उनकी नाराजगी साफ नज़र आती है। अक्सर पूछते हैं वो मुझसे ‘अब तुम आगे क्या करोगी?’ साफ दिखता है उनकी आँखों में ‘कहीं हम पर बोझ तो नहीं बन जाओगी?’ ‘नहीं भगवान! मैं किसी पर बोझ नहीं बनूँगी क्यूंकि आपका आशीर्वाद और प्यार हमेशा मेरे साथ है। जब मेरे पास कुछ भी नहीं था तब भी विश्वास तो था ‘एक दिन सब ठीक हो जाएगा’ उसी तरह आज ये समय मुश्किल सही पर आगे सब ठीक होगा। मुझे बस ये समय किसी तरह काटना है।

पता नहीं मेरा विश्वास तोड़ कर, मुझे इन मुश्किलों में अकेला छोड़ कर उनको क्या मिला? ठीक ही चल रही थी मेरी जिंदगी। थोड़ा सा ठोकर ही तो लगी थी, संभल जाते हम देर सवेर। हमें क्या पता था गिरने से बचने के लिए cactus की टहनी थाम ली हमने। सहारा तो मिला लेकिन हाथ भी तो ज़ख्मी हो गए। आज लगता है ऐसा सहारा मैंने चाहा ही क्यूँ था? हर इंसान अपने जीवन में किसी न किसी पर तो विश्वास करता ही है। मैंने भी किया तो क्या गलत किया?

लेकिन उनके लिए, मेरे अपनों के लिए और हर उस इंसान के लिए जिसे मैं जानती हूँ... पैसे से जादे ज़रूरी कुछ नहीं। न मेरी जान, न मेरी इज्ज़त, न मेरा आत्म सम्मान!

ईश्वर मुझे तुम्हारी दुनिया में नहीं रहना पर मैं आपकी इजाजत के बिना नहीं जा सकती। जितना मेरा जीवन लिखा है उतना मुझे काटना ही होगा। इसलिए जैसा भी है मैं जिऊंगी और बहुत अच्छा जीवन जिऊंगी.... वादा करती हूँ।

बस अब इतना और.... अब किसी भी इंसान को मेरे नजदीक मत लाना। मैं आदमजात की परछाई से भी बहुत दूर रहना चाहती हूँ भगवान।

Thursday, 24 December 2020

वापस आ जाओ....

हे ईश्वर

वो सारे दिन वापस आ गए हैं। वो फिर से नाराज़ हैं और इनको मनाना दिन पर दिन मुश्किल होता जा रहा है। मैं अकेली तो पहले भी थी पर वो मेरे साथ थे। दूर होकर भी हमेशा मेरे साथ थे। अब न जाने क्यूँ ऐसा लगता है अब मैं अकेली हूँ। उनके बिना एक दिन भी काटना कितना मुश्किल है। आपने मेरे साथ ऐसे क्यूँ किया? भगवान क्या मेरी श्रद्धा में कोई कमी है? क्या मन में कोई खोट है? क्यूँ करते हैं आप मेरे साथ ऐसा? बताइये न?

कौन चाहता है कि उसके साथ कुछ गलत हो, बुरा हो? सब अच्छे की ही उम्मीद करते हैं, भलाई का ही प्रयास करते हैं। पर जब कभी मैं सोचती हूँ थोड़ा आराम आ गया है जिंदगी में, तब सब कुछ बिखर जाता है। सोचा तो यही था न कि जैसे भी हो काट लेंगे। अब लेकिन कुछ नहीं समझ आ रहा।

कभी कभी लगता है जैसे मेरा कभी कुछ था ही कहाँ जो छूटेगा! फिर अगले ही पल किसी का अपनापन और परवाह मेरे हाथ थाम लेता है, कदम रोक लेता है। कभी लगता है सब कितना खाली और निरर्थक है उस इंसान के बिना अगले ही पल उसकी कड़वी बातों से आँखें भर आती हैं। उस समय उसी कड़वाहट को उसको वापस करने को जी करता है।

इंसान इतना हृदयहीन क्यूँ होता है ईश्वर? क्या उनको थोड़ा भी एहसास नहीं कि वो मेरे जीवन से जिस तरह खेल रहे हैं, मेरा भविष्य किस कदर अंधेरा हो गया है? उनके सामने तो दुनिया खड़ी है बाहें खोले इंतज़ार करती हुई। पर मेरी तो सारी दुनिया उन्हीं तक सीमित रही है। जब पूरी दुनिया मुझ पर उंगली उठाती है तब उसी दुनिया के रंग में डूबे उनके मुंह से निकलते जहर बुझे अल्फ़ाज़ मुझे अंदर से पूरी तरह तोड़ देते हैं। इसके बावजूद भी आज भी मैं सर उठा कर चलती हूँ तो वो कहते हैं तुम बेशर्म हो...

हाँ, बेशर्म तो मैं हूँ ही वरना आज की दुनिया में भी सच्चाई, ईमानदारी और सच्चरित्रता लेकर क्यूँ जी रही हूँ मैं? मेरे ऊपर उंगली उठाने वाले वो पहले इंसान तो हैं नहीं और वैसे आजकल तो पूरी दुनिया, पूरा समाज मेरे ऊपर ही उँगलियाँ उठाने में लगा हुआ है। फिर भी उनके लगाए हुए इल्ज़ामों पर मुझे हंसी क्यूँ आ जाती है। रात के अंधेरे में अपने अकेलेपन में भले ही ज़ार ज़ार रोती हूँ मैं, आपके सामने भले भरी हुई आँखें हो पर आपकी दुनिया ने हमेशा मेरा हँसता हुआ चेहरा ही देखा है।

भगवान, क्या मेरी नियति में हमेशा अपनों से ही एक अंतहीन सी जंग करना लिखा है आपने? ये कैसे अपने हैं जो मेरे लिए बुरे से बुरे श्राप निकालते हैं, मेरी जिंदगी में और भी मुश्किलें आने के दावे करते हैं? या फिर ये बोलते हैं कि दुनिया की सारी समस्याएँ तुम्हारे ही साथ क्यूँ होती हैं? और भी तो लड़कियां हैं इस दुनिया में! इसका जवाब तो मैं नहीं दे सकती। केवल आप बता सकते हैं। मौन तोड़िए अपना ईश्वर!


अकेले हैं तो क्या गम है

  तुमसे प्यार करना और किसी नट की तरह बांस के बीच बंधी रस्सी पर सधे हुए कदमों से चलना एक ही बात है। जिस तरह नट को पता नहीं होता कब उसके पैर क...